Saturday, November 17, 2012

कहीं ये सरकार पलट देने का आगाज तो नहीं


  • लखन सालवी 
विजयी प्रत्याशी श्यामबिहारी मेहता साथ जुलूस निकालते समर्थक
भीलवाड़ा शहरवासियों की माने तो आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पडे़गा। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि केंद्र तथा राज्य में कांग्रेस सरकार के होने, भीलवाड़ा के जिला परिषद और नगर परिषद में मुख्य पदों पर कांग्रेस का कब्जा होने के बावजूद वार्ड नम्बर 6 के पार्षद के उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी की जीत हुई।
वहीं बारां जिले की अटरू पंचायत समिति के वार्ड संख्या 9 के सदस्य के उपचुनाव में भी कांग्रेसी प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा। कांग्रेसी विधायक पानाचंद मेघवाल के गृह पंचायत क्षेत्र से कांग्रेसी प्रत्याशी की करारी हार हुई।यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 400 से अधिक मत मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 200 मत ही मिले। भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी श्यामबिहारी मेहता ने कांग्रेस के चन्द्रमोहन मेहता को 1058 वोटों से हराया। विजयी रहे श्यामबिहारी मेहता ने किसी कारणवश भाजपा का सिंबल नहीं मिलने के कारण निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
भीलवाड़ा नगर परिषद के वार्ड नम्बर 6 के लिए पार्षद के उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी शारदा देवी चौधरी को 1389 वोट मिले। वो 741 वोटों से चुनाव जीती। कांग्रेस यहां तीसरे स्थान पर रही। कांग्रेस की रतना देवी को 625 वोट ही मिले जबकि भाजपा के बागी होकर चुनाव लड़ी कृष्णा कंवर को 648 वोट मिले। रतना देवी को भाजपा के बागी उम्मीदवार को कृष्णा कंवर से भी कम वोट मिले।
जीत के बाद जुलूस में पार्षद शारदा चौधरी, विधायक अवस्थी एवं समर्थक
बागी उम्मीदवार कृष्णा कंवर के चुनाव लड़ने की स्थिति से कांग्रेसी खुश थे, उनका मानना था कि भाजपा वाले आपस में ही लड़कर हार जाएंगे, भाजपा बागी उम्मीदवार के कारण वो अपनी जीत सुनिश्चित मान रहे थे। ऐसा भी नहीं है कि वो हाथ पर हाथ धरे जीत का इंतजार कर रहे थे। कांग्रेसी उम्मीदवार रतना देवी को जिताने के लिए जिले के कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने दिन-रात एक किए थे। लेकिन हार के कारण कांग्रेस के खेमे में भारी निराशा का माहौल व्याप्त है।
वहीं भाजपा विधायक विठ्ठल शंकर अवस्थी सहित भाजपाईयों ने भाजपा प्रत्याशी के जीत जाने पर जमकर खुशियां मनाई। जीत के बाद शपथ लेने अपने पति चैनाराम चौधरी के साथ शारदा देवी कलक्टेªट पहुंची। जहां पार्षद ज्योति आशीर्वाद, निशा जैन, नंदलाल गुर्जर, अनिल जैन, पुरूषोत्तम बैरवा, मुकेश शर्मा, प्रकाश तथा भाजपा जिला महामंत्री राजेश पाठक, भाजपा जिला मंत्री राजकुमार आंचलिया, राजेन्द्र सिंह शेखावत ने उनका स्वागत किया।
शपथ के बाद मुख्य मार्गों पर रैली निकाली गई। इस दौरान विधायक अवस्थी ने इस जीत को कार्यतकर्ता व जनता की जीत बताते हुए कहा कि इस जीत से संकेत मिला है कि लोग कांग्रेस के राज से ऊब चुके है तथा सत्ता परिवर्तन चाहते है। जनता परेशान हो गई है, अब वो सत्ता परिवर्तन चाहती है। भाजपा से बगावत करने वालों को सावचेत करते हुए अवस्थी ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि जीत उसी की होगी जो अनुशासित रहेगा और जनता की सेवा करेगा।

No comments:

Post a Comment