Monday, November 28, 2016

बीडीओ जानू व एएओ सुखवाल को दी विदाई, विश्नोई का किया स्वागत

गोगुन्दा - गोगुन्दा पंचायत समिति के विकास अधिकारी बीरबल सिंह जानू और एएओ मनोहर लाल सुखवाल को आज विदाई दी गई। बीरबल सिंह ने 21 मार्च 2016 को पदभार ग्रहण किया था। 5 अक्टूबर को उनका स्थानान्तरण नागौर जिले में हो गया। उनकी जगह मनहर विश्नोई गोगुन्दा के नए विकास अधिकार होंगे। जानू की विदाई से पूर्व विश्नोई को पदभार ग्रहण करवाया गया। 

बीरबल सिंह ने पंचायत समिति के बीडीओ के तौर पर केवल 6 माह कार्य किया लेकिन इस दौरान उन्होंने अपने व्यवहार से क्षेत्र के लोगों में, जनप्रतिधियों में और कर्मचारियों के दिलों में जगह बना ली। शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए विधायक प्रताप गमेती ने कहा कि बीरबल सिंह ने 6 माह में न केवल व्यवस्था को ठीक किया बल्कि तंत्र का सक्रिय कर विकास कार्यों को गति प्रदान की इसके लिए वे हमेशा याद किए जायेंगे। 

इस अवसर पर प्रधान पुष्कर तेली ने कहा कि बीरबल सिंह जानू को कार्य प्रणाली हम सभी को प्रेरणा प्रदान करती है। कामों का समय पर निपटारा करना और सकारात्मक सोच के साथ काम करना उनकी खासियत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन के कार्य हो या ग्राम पंचायतों को खुले में शौच मुक्त बनाने का कार्य हो, विकास अधिकारी ने हमेशा आगे रहकर कार्य किया और अन्य कर्मचारियों, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को भी सक्रिय किया। 

सभा के दौरान बीरबल सिंह जानू ने सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गोगुन्दा क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बहुत स्नेह दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों में सकारात्मकता है, सकारात्मकता के कारण ही विकास को गति दी जा सकी। 

समारोह में उपस्थित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, वार्ड पंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व अन्य विभागों के अधिकारियों ने नम आंखों से बीरबल सिंह जानू और एएओ मनोहर लाल सुखवाल को विदाई। 

No comments:

Post a Comment